बरेली पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल और सीएम योगी ने किया स्वागत

Lucknow Focus News Desk: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को बरेली के भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) के 11वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए होनहार विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और डिग्रियों से सम्मानित किया।
गोल्ड मेडल से सम्मानित हुए आठ मेधावी छात्र
राष्ट्रपति ने समारोह के दौरान बीवीएससी, एमवीएससी और पीएचडी कोर्सेज के आठ मेधावी छात्रों को अपने हाथों से गोल्ड मेडल और डिग्री प्रदान की।
सम्मानित होने वाले छात्रों में शामिल हैं
स्नातक डिग्री: डॉ. तान्या चौधरी, डॉ. अतुल प्रताप सिंह
मास्टर डिग्री: डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर, डॉ. सेलस सीएम, डॉ. खुशबू चौधरी
डॉक्टरेट डिग्री: डॉ. राज कुमार पटेल, डॉ. मेघा शर्मा, डॉ. अमिता बानू
इसके अलावा समारोह में कुल 576 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें बीवीएससी एंड एएच के 41, एमवीएससी के 328, और पीएचडी के 207 छात्र शामिल रहे। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक ड्रेस कोड रखा गया था छात्र सफेद कुर्ता-पायजामा में और छात्राएं लाल बॉर्डर की सफेद साड़ी में नजर आईं।
बारिश के बीच त्रिशूल एयरबेस पर उतरा राष्ट्रपति का विमान
सुबह 9:50 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बरेली के त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचीं। बारिश के बीच उनका जोरदार स्वागत किया गया।
स्वागत करने वालों में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार प्रमुख रूप से मौजूद रहे। यहां से राष्ट्रपति का काफिला सीधे IVRI परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार पहुंचा, जहां कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था रही अभूतपूर्व, 1200 से ज्यादा जवान तैनात
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए बरेली में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। बरेली जोन के सभी जिलों से फोर्स बुलाई गई।राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को ही IVRI परिसर में एडवांस ब्रीफिंग की गई थी।
एडीजी सुरक्षा रघुबीर लाल, एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने सुरक्षा प्रोटोकॉल की निगरानी की और फोर्स को दिशा-निर्देश दिए।
तो दूसरी ओर राष्ट्रपति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहा। हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई थी।
त्रिशूल एयरबेस से IVRI तक के रूट पर बैरिकेडिंग, चौराहों की सजावट और मेडिकल इमरजेंसी सेवाओं की भी पूरी व्यवस्था की गई थी। राष्ट्रपति के काफिले में दो ALS एंबुलेंस भी मौजूद रहीं।
करीब दो घंटे तक राष्ट्रपति मुर्मू, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य वीवीआईपी बरेली में मौजूद रहे। इस ऐतिहासिक अवसर ने न सिर्फ IVRI के छात्रों के लिए गौरवपूर्ण पल बनाए, बल्कि बरेलीवासियों के लिए भी यह एक यादगार दिन साबित हुआ।
Also Read: लखनऊ में दानवीर भामाशाह जयंती पर भव्य समारोह, व्यापारियों को किया गया सम्मानित




