Barabanki News: बेसिक उत्थान संस्थान के स्कूल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 160 बच्चों की हुई जांच

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के बनीकोडर विकास खंड के ग्राम छंदवल स्थित बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित नि:शुल्क चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 160 बच्चों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरी दवाएं दी गईं।
संस्थान के अध्यक्ष रत्नेश कुमार के अनुरोध पर लोहिया अस्पताल और हीलिंक हॉस्पिटल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान डॉ. गौरव सिंह (एमबीबीएस, एमडी, केजीएमयू) और डॉ. गोविंद पांडेय (एमबीबीएस, एमडी, केजीएमयू) ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की।

छोटे-छोटे बीमारियों की पहचान और इलाज
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान पता चला कि कई बच्चों को फुंसी, सर्दी-खांसी और जुकाम जैसी सामान्य बीमारियां हैं। उन्हें मौके पर ही दवाएं दी गईं। एक बच्चे के दोनों कानों से जन्म से ही मवाद बहने की समस्या सामने आई। डॉक्टरों ने उसके अभिभावकों को परामर्श देकर ऑपरेशन कराने की सलाह दी।
साफ-सफाई और बारिश में सतर्क रहने की सलाह
इस मौके पर डॉ. गोविंद पांडेय ने बच्चों को बताया कि व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि बारिश में गंदे पानी से दूर रहें, गीले कपड़े न पहनें, और साफ-सुथरे तरीके से रहें, ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके।
सामाजिक सहभागिता की मिसाल
स्वास्थ्य शिविर के आयोजन में कई समाजसेवी और शिक्षक भी मौजूद रहे। स्काउट प्रशिक्षक राम आसरे और कर्मचारी नेता विजय अंबेडकर ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने दवाओं और जरूरी व्यवस्थाओं की देखरेख की। संस्थान के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने डॉक्टरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य ही समाज की असली पूंजी है।
इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिकाएं वंदना वर्मा, शारदा रावत, सरिता यादव, प्रिया मौर्या, पूनम रत्नाकर, अर्चना वर्मा और पलक कनौजिया, शिक्षणेत्तर कर्मचारी जियालाल, सरोज और सरस्वती, सहित कई अभिभावक भी मौजूद रहे।




