देश

जेपी नड्डा के 2020 काफिला हमला मामले में टीएमसी नेता गिरफ्तार, पुलिस ने सड़कों पर घुमाया, हाथ जोड़कर मांगनी पड़ी माफी

Lucknow Focus News Desk: वर्ष 2020 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) के काफिले पर पश्चिम बंगाल में हुए बहुचर्चित हमले के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के मुख्य आरोपी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता इमरान हसन मोल्लाह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घटना की कड़ियों को जोड़ने के लिए आरोपी को उसी इलाके की सड़कों पर पैदल घुमाया, जहां कभी उसका दबदबा हुआ करता था।

क्या था साल 2020 का पूरा मामला?

10 दिसंबर 2020 को पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर के शिराखोल इलाके में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का काफिला गुजर रहा था, तभी कुछ उपद्रवियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया था। इस हमले के दौरान वाहनों पर ईंट-पत्थरों और कांच की बोतलों से जबरदस्त तोड़फोड़ की गई थी, जिसमें कई नेता और कार्यकर्ता बाल-बाल बचे थे। इस पुरानी और गंभीर घटना की जांच के दायरे को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने पिछले शनिवार की रात उस्ती इलाके से टीएमसी नेता इमरान हसन मोल्लाह को दबोच लिया।

पुलिस ने किया क्राइम सीन रीक्रिएशन

गिरफ्तारी के बाद मामले की सच्चाई और घटनाक्रम को बारीकी से समझने के लिए पुलिस ने क्राइम सीन रीक्रिएशन (Crime Scene Recreation) का सहारा लिया। पुलिस आरोपी इमरान हसन मोल्लाह को उस्ती थाने के विभिन्न इलाकों और सड़कों पर पैदल घुमाकर यह परखती नजर आई कि उस दिन किस तरह भीड़ जुटाई गई थी और हमला कैसे अंजाम दिया गया था।

हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर मांगी माफी

जब पुलिस आरोपी टीएमसी नेता को लेकर सड़कों पर उतरी, तो देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। कभी अपने इलाके में रसूख रखने वाला यह नेता पुलिस हिरासत में बेहद डरा हुआ और सहमा नजर आया। वह स्थानीय लोगों के सामने बार-बार हाथ जोड़कर और सिर झुकाकर अपनी हरकतों के लिए माफी मांगता हुआ दिखाई दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को इलाके में कानून का खौफ कायम करने और जांच को पुख्ता करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस अदालत के निर्देश पर आरोपी से रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है और इस हमले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button