लखनऊ

Lucknow: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘कुंभ-थुण तबला की रचनाएं’ पुस्तक का किया विमोचन

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को राजभवन में डॉ. कमलेश कुमार दुबे द्वारा रचित शोधपरक पुस्तक “कुंभ-थुण तबला की रचनाएं” का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने लेखक को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्य की सराहना की।

इस विशेष अवसर पर ‘नूतन कहानियां’ पत्रिका के संपादक सुरेंद्र अग्निहोत्री, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की पूर्व उपनिदेशक मधु तांबे और श्रीमती पूनम दुबे भी उपस्थित रहीं। विमोचन कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने लेखक डॉ. दुबे से पुस्तक की विषयवस्तु और शोध कार्य पर संवाद किया।

डॉ. कमलेश दुबे ने बताया कि शतरंग प्रकाशन, लखनऊ से प्रकाशित इस पुस्तक में उन्होंने ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से यह प्रमाणित किया है कि तबला भारतीय संगीत परंपरा में प्राचीन समय से ‘कुंभ-थुण’ नामक वाद्य के रूप में मौजूद था। उन्होंने बताया कि मुगल काल के दौरान इस वाद्य को ‘तबला’ नाम दिया गया, लेकिन इसकी जड़ें पूरी तरह भारतीय हैं।

लेखक के अनुसार यह वाद्य विशुद्ध रूप से भारत की सांस्कृतिक और संगीत परंपरा से जुड़ा है, न कि कोई विदेशी प्रभाव। पुस्तक में तबले की ऐतिहासिक यात्रा और इसके विभिन्न रूपों पर गहन शोध प्रस्तुत किया गया है।

राज्यपाल ने इस तरह के अनुसंधान को भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा युवाओं को भारतीय संगीत परंपरा की गहराई समझने के लिए प्रेरित किया।

Also Read: Lucknow: गर्मी में बिजली संकट से बेहाल हैं हजारों परिवार, इन्वर्टर भी हुए फेल

Related Articles

Back to top button