यूपी: रोडवेज बसों में बुजुर्ग महिलाओं को मिलेगी मुफ्त यात्रा, जानें तरीका

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में 60 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त सफर करना और आसान हो गया है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना’ के तहत अब पात्र महिलाओं को फ्री यात्रा के लिए स्मार्ट कार्ड का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं होगी। यह सुविधा 28 अगस्त से राज्यभर में लागू कर दी गई है।
आईडी कार्ड से मिलेगी छूट: पात्र महिलाएं यात्रा के दौरान परिचालक (कंडक्टर) को अपना आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखा सकती हैं। दस्तावेज में दर्ज जन्मतिथि से उम्र की पुष्टि होने के बाद ही मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।
शून्य मूल्य (Zero-value) का टिकट: उम्र की पुष्टि के बाद कंडक्टर ईटीआईएम मशीन से महिला यात्री को ‘शून्य मूल्य’ का टिकट जारी करेगा। इस टिकट पर बस संख्या, बोर्डिंग और गंतव्य स्थान दर्ज होगा।
किन बसों में मिलेगी सुविधा: यह छूट उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की अपनी और अनुबंधित, दोनों तरह की साधारण (ऑर्डिनरी) बसों में मान्य होगी।
पारदर्शिता और निगरानी: हर मुफ्त यात्रा का डिजिटल रिकॉर्ड क्लाउड सर्वर पर सुरक्षित रखा जाएगा। परिवहन निगम अलग से स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी जारी रखेगा, हालांकि फिलहाल यह अनिवार्य नहीं है।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी: यदि कोई परिचालक पात्र महिला यात्री से किराया मांगता है या वसूलता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




